होली में भतीजे के खून से रंगे चाचा के हाथ, शराब पीने के विवाद को लेकर कर दी हत्या, मचा बवाल
दुर्ग। Durg Crime News: दुर्ग के जामुल थाना क्षेत्र के रावणभाठा में होलिका दहन की रात एक भयावह हत्या की घटना सामने आई। जहां 2 मार्च की रात लगभग 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि हेमंत साहू नामक युवक की हत्या कर दी गई है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला कि मृतक हेमंत साहू और उसके चाचा आशीष साहू के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। झगड़ा इतना बढ़ गया कि, गुस्से में आरोपी ने लोहे के पाइप से हेमंत के सिर पर कई बार हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण हेमंत मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां ललिता साहू की शिकायत पर जामुल थाने में अपराध संख्या 142/2026 के तहत धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया। इसके बाद जामुल पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन घेराबंदी और तलाश अभियान चलाया। तेज कार्रवाई के तहत पुलिस ने 3 मार्च को, घटना के लगभग 10 घंटे के भीतर, आरोपी आशीष साहू (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का पाइप भी बरामद हुआ।
Durg Crime News: गौरतलब है कि होली पर्व के अवसर पर जिले में 900 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात थे, इसके बावजूद इस तरह की गंभीर घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।




