CG NEWS :रायपुर में सीएम विष्णु देव साय ने सुना ‘मन की बात,पीएम मोदी ने कोरबा का किया जिक्र

प्रविंस मनहर/रायपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में भी सुना गया। राजधानी रायपुर के दया भवन, फाफड़ी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला प्रभावी मंच बन गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समाज के प्रेरणादायक कार्यों को सामने लाकर लोगों को नई ऊर्जा और दिशा देने का काम करते हैं। इस बार के एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री द्वारा प्रदेश का जिक्र किए जाने पर कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




