मुख्य सचिव अमिताभ जैन को विदाई देने 30 जून को कैबिनेट बैठक, रिकॉर्ड कार्यकाल के साथ लेंगे सेवानिवृत्ति
रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन को सम्मानपूर्वक विदाई देने के लिए 30 जून को दोपहर 12 बजे मंत्रालय में विशेष कैबिनेट बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में कुछ अन्य प्रशासनिक एजेंडों पर चर्चा की जाएगी, लेकिन मुख्य उद्देश्य अमिताभ जैन को औपचारिक विदाई देना है।
READ MORE : रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया था जूनियर इंजीनियर, निलंबित कर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में किया गया अटैच
राज्य में दूसरी बार हो रही है ऐसी विदाई बैठक
राज्य गठन के बाद यह दूसरा मौका है जब किसी मुख्य सचिव के सेवानिवृत्त होने पर विशेष रूप से कैबिनेट की बैठक बुलाई जा रही है। इससे पहले 28 फरवरी 2014 को मुख्य सचिव सुनील कुमार की विदाई के लिए डॉ. रमन सिंह सरकार ने ऐसी बैठक आयोजित की थी, जिसमें मंत्रियों ने उनके कार्यकाल की प्रशंसा की थी।
सबसे लंबा कार्यकाल
अमिताभ जैन ने छत्तीसगढ़ के 12 मुख्य सचिवों में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा किया है। वे चार साल सात महीने तक इस पद पर रहे और 30 जून 2025 को सेवानिवृत्त होंगे। इससे पहले कोई भी मुख्य सचिव चार साल का कार्यकाल पार नहीं कर पाया था। विवेक ढांड चार साल पूरा करने से सिर्फ 20 दिन से चूक गए थे।
READ MORE : CG NEWS : गौ तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल से 10 मवेशियों के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
दो सरकारों में निभाई भूमिका
अमिताभ जैन छत्तीसगढ़ के उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं जिन्हें दो सरकारों में मुख्य सचिव के तौर पर काम करने का अवसर मिला। उन्हें भूपेश बघेल सरकार ने नवंबर 2020 में नियुक्त किया था और दिसंबर 2023 में बीजेपी सरकार के गठन के बाद भी वे पद पर बने रहे। उनसे पहले सिर्फ सुयोग्य मिश्रा को यह अवसर मिला था, जिन्होंने कांग्रेस और बीजेपी दोनों सरकारों में मुख्य सचिव के रूप में कार्य किया।
जल्द जारी होगा नए सीएस का आदेश
सूत्रों के अनुसार, अमिताभ जैन की विदाई के बाद ही राज्य सरकार नए मुख्य सचिव की घोषणा करेगी। सरकार कैबिनेट बैठक से पहले नया प्रशासनिक प्रमुख घोषित नहीं करना चाहती। विदाई समारोह के बाद नए मुख्य सचिव का आदेश जारी होने की संभावना है।




