
रायपुर/नई दिल्ली, 25 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में आयुर्वेदिक एम्स स्थापित करने की मांग उठाई है। दिल्ली से लौटने के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का लगभग 44 प्रतिशत भूभाग वन क्षेत्र है और यहां विभिन्न प्रकार की औषधीय जड़ी-बूटियां प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। ऐसे में प्रदेश में आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए आयुर्वेदिक एम्स की स्थापना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। गृह मंत्री के साथ बस्तर क्षेत्र के विकास और उससे जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, चिकित्सा अधोसंरचना और किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर विस्तृत बातचीत हुई।
नई दिल्ली में हुई बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों को मजबूत बनाया जा रहा है ताकि लोगों को बेहतर इलाज और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हो सकें।
बैठक में कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कालाबाजारी या जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और नई तकनीकों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन बढ़ सके।
छत्तीसगढ़ में धर्मान्तरण पर फिर छिड़ी बहस,आदिवासी नेता नंदकुमार साय का बड़ा दावा
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए दिल्ली में संचालित यूथ हॉस्टल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने बताया कि वहां रहकर तैयारी करने वाले 13 अभ्यर्थियों ने UPSC प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है और अब मुख्य परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए भी राज्य सरकार आवश्यक व्यवस्थाएं कर रही है।
एक नजर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्या क्या कहा….
- दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बस्तर के विकास पर सार्थक चर्चा हुई।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से स्वास्थ्य और कृषि से जुड़े विषयों पर बातचीत हुई।
- छत्तीसगढ़ में आयुर्वेदिक एम्स की स्थापना की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखी।
- प्रदेश का 44 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित होने और औषधीय जड़ी-बूटियों की उपलब्धता का हवाला दिया।
- दिल्ली स्थित राज्य सरकार के यूथ हॉस्टल में रहकर तैयारी करने वाले 13 विद्यार्थियों ने UPSC प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की।
- UPSC मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए भी बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
- आपातकाल को लोकतंत्र और संविधान पर हमला बताया।
- कहा कि आपातकाल के दौरान नागरिकों के अधिकार छीने गए थे।
- NCERT की पुस्तकों में आपातकाल का अध्याय शामिल किए जाने को जरूरी बताया।
- लखनऊ हादसे के बाद प्रदेश के सभी कोचिंग संस्थानों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
- कहा कि कोचिंग सेंटरों की जांच प्रक्रिया लगातार जारी है।




