Nagpur Road Accident: भीषण हादसा.. तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत
नागपुर। Nagpur Road Accident: महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर सोमवार तड़के हुए सिलसिलेवार सड़क हादसों में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में वर्धा जिले के एक ही परिवार के चार सदस्य और ट्रक में सवार दो व्यक्ति शामिल हैं। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे के एक हिस्से पर लंबा जाम लग गया और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजना पड़ा।
Parliament Monsoon Session: लोकसभा का मानसून सत्र आज से शुरू, कई अहम मुद्दों पर गरमाएगी संसद
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब तीन बजे मुंबई से नागपुर की ओर जा रहा इथेनॉल से लदा एक कंटेनर ट्रक इंटरचेंज-80 के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के पलटने से मुंबई-नागपुर कैरिजवे पूरी तरह बंद हो गया और सड़क पर यातायात ठप हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने सड़क पर रुकी एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में कार में सवार वर्धा जिले के एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में टक्कर मारने वाले ट्रक में सवार दो लोगों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह दोनों दुर्घटनाओं में कुल छह लोगों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे सेफ्टी पेट्रोल, वर्धा पुलिस, फायर ब्रिगेड और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य के साथ सड़क को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों के मुताबिक, पलटे कंटेनर में अत्यधिक ज्वलनशील इथेनॉल भरा होने के कारण उसे हटाने में विशेष सावधानी बरती जा रही है। आग या विस्फोट जैसी किसी भी संभावित घटना से बचने के लिए पहले टैंकर से इथेनॉल सुरक्षित तरीके से निकाला जाएगा, उसके बाद ही कंटेनर को हटाया जाएगा।
ट्रैफिक डायवर्ट, यात्रियों को एडवाइजरी जारी
हादसे के बाद मुंबई से नागपुर जाने वाले मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। वाहनों को दूसरी लेन और वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है, जिससे आसपास के इलाकों में भारी यातायात दबाव देखा गया।
Nagpur Road Accident: प्रशासन ने नागपुर से मुंबई जाने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे वर्धा तक समृद्धि महामार्ग का उपयोग न करें और इसके स्थान पर नागपुर–अमरावती हाईवे से यात्रा करते हुए अमरावती गेट इंटरचेंज के जरिए आगे बढ़ें। वहीं मुंबई से नागपुर आने वाले वाहन चालकों को भी अमरावती गेट इंटरचेंज से बाहर निकलकर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।




