George Kurian Resigns: मोदी सरकार के इस मंत्री ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया मंजूर, जानें क्या है इस इस्तीफे की वजह?
नई दिल्ली। George Kurian Resigns: केंद्र सरकार में अल्पसंख्यक मामलों तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री रहे जॉर्ज कुरियन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत केंद्रीय मंत्रिपरिषद से जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा स्वीकार किया गया है। उनका राज्यसभा कार्यकाल 21 जून को समाप्त हुआ था, जिसके बाद उन्होंने मंत्री पद भी छोड़ दिया। 65 वर्षीय जॉर्ज कुरियन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल की सरकार में अगस्त 2024 से केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत थे। उनके पास अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग की जिम्मेदारी भी थी। वे केंद्र सरकार में ईसाई समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख मंत्रियों में शामिल थे।
जॉर्ज कुरियन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और वर्ष 1980 में पार्टी की स्थापना के समय से ही संगठन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने लंबे समय तक संगठनात्मक और प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। राजनीतिक जीवन में मंत्री बनने से पहले वे राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ओ. राजगोपाल के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के रूप में भी सेवाएं दी थी।
George Kurian Resigns: बता दें कि, केरल के कोट्टायम जिले के एट्टुमानूर क्षेत्र में जन्मे जॉर्ज कुरियन ने कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने 9 जून 2024 को केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली थी और 11 जून को संबंधित मंत्रालयों का कार्यभार संभाला था। जॉर्ज कुरियन के इस्तीफे के बाद अब उनके स्थान पर किसे जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।




