
रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार आगामी 1 जून से 7 जून 2025 तक राज्यभर में ‘चावल उत्सव’ आयोजित करने जा रही है। इस विशेष अभियान के तहत 81 लाख से अधिक राशनकार्डधारी परिवारों को जून, जुलाई और अगस्त—तीनों महीनों का चावल एकमुश्त वितरित किया जाएगा।
राज्य के 13,928 उचित मूल्य दुकानों को पहले ही चावल का आवंटन जारी कर दिया गया है और दुकानों में भंडारण कार्य तेजी से चल रहा है, ताकि वितरण में कोई बाधा न आए। यह पहल खासतौर पर दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में समय पर खाद्यान्न उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
READ MORE : नक्सल मुक्त बस्तर पर सियासी संग्राम: केंद्र की रिपोर्ट बनाम ज़मीनी सच्चाई, अब नजरें विकास पर….
वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता के निर्देश
राज्य खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सभी जिलों के कलेक्टरों, खाद्य अधिकारियों और नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधकों से ‘चावल उत्सव’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि:
- प्रत्येक उचित मूल्य दुकान में समुचित भंडारण समय से पूर्व सुनिश्चित किया जाए।
- चावल वितरण निगरानी समिति की उपस्थिति में किया जाए।
- ई-पॉस मशीन से बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के बाद ही वितरण हो।
- प्रत्येक लाभार्थी को पावती रसीद अनिवार्य रूप से दी जाए।
वर्षा ऋतु के लिए विशेष प्रबंध
मॉनसून को देखते हुए राज्य की 249 दुर्गम दुकानें, जो बारिश के दौरान पहुंचविहीन हो जाती हैं, वहां अग्रिम भंडारण की व्यवस्था की जा रही है ताकि वितरण वर्षाकाल में भी बाधित न हो।
खाद्य विभाग की सचिव ने कहा कि यह अभियान पारदर्शिता, जवाबदेही और लाभार्थी की सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में तकनीक के प्रभावी उपयोग का उदाहरण है।
इस समीक्षा बैठक में नागरिक आपूर्ति निगम की प्रबंध संचालक किरण कौशल, खाद्य विभाग के संचालकरमेश शर्मा, सभी जिलों के कलेक्टर, खाद्य नियंत्रक, और जिला प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।




