
रायपुर : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 से अधिक जिलों के लिए तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में तेज तूफान आने की आशंका है, जिसकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
जिन जिलों को लेकर यह चेतावनी दी गई है, उनमें राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और बेमेतरा शामिल हैं। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे खुले स्थानों पर जाने से बचें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और अत्यधिक आवश्यकता न होने पर घर से बाहर न निकलें।
जान-माल को खतरा, प्रशासन अलर्ट मोड पर
मौसम विभाग ने चेताया है कि इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे जान-माल के नुकसान की आशंका है। स्थानीय प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
कल के तूफान ने मचाई भारी तबाही
गौरतलब है कि बीते दिन भी राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई थी। राजधानी रायपुर में शादी समारोहों के लिए लगाए गए कई पंडाल तेज हवाओं की चपेट में आकर गिर गए। टोल नाकों के शेड उड़ गए। एक इलाके में पंडाल का ढांचा गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
दुर्ग, कोरबा और अन्य जिलों में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आईं, जहां पेड़ गिरने, बिजली गुल होने और यातायात बाधित होने जैसी समस्याएं देखी गईं।
प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता
स्थिति को गंभीर देखते हुए बिजली विभाग और आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह अलर्ट पर हैं। राहत कार्य जारी हैं और प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि यह खराब मौसम कुछ और दिनों तक जारी रह सकता है। किसानों और निर्माण स्थलों पर कार्य कर रहे मजदूरों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।



