जेल परिसर में कैदी की शादी : यौन शोषण पीड़िता ने किया आरोपी से विवाह
पटना हाईकोर्ट के आदेश पर मधुबनी मंडल कारा में हुआ विवाह, पीड़िता ने आरोपी देवर पर लगाए थे शोषण के आरोप
मधुबनी : पटना हाईकोर्ट के आदेश और प्रथम जिला अपर सत्र न्यायाधीश सैयद मो. फजलुल बारी के निर्देश पर मंगलवार को मधुबनी मंडल कारा परिसर में एक अनोखी शादी हुई। जेल में बंद अभियुक्त छोटू यादव उर्फ बद्री यादव ने उसी महिला से विवाह किया, जिसने उस पर यौन शोषण का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराई थी।
पीड़िता की तीन वर्षीय बच्ची भी है। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने शादी का सत्यापन कर ज़मानत आवेदन पर विचार करने का निर्देश दिया था। इसके बाद विशेष न्यायाधीश ने जेल अधीक्षक को जेल परिसर में ही विवाह कराने का आदेश दिया।
शादी के समय दोनों पक्षों के अधिवक्ता, जेल अधीक्षक राम विलास दास, आरोपी के पिता जयनारायण यादव, चाची कौशल्या देवी और कई जेलकर्मी मौजूद रहे।
मामला क्या है?
अपर लोक अभियोजक मिश्री लाल यादव के अनुसार यह मामला लौकही थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के पति की मौत के बाद उसका देवर छोटू यादव उस पर दबाव बनाकर यौन संबंध करता था। कई बार गर्भवती होने पर दवा देकर गर्भपात कराया गया। बाद में जब पीड़िता ने मना किया तो आरोपी ने मारपीट भी की। पीड़िता ने महिला थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।




