Himachal Accident: पहाड़ी से गिरी विशाल चट्टानों ने मचाई तबाही, चपेट में आई कई गाड़ियां, हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत
लाहुल-स्पीति। Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उदयपुर-किलाड़ (तांदी-संसारी राष्ट्रीय राजमार्ग) पर कडू नाला के पास पहाड़ी से अचानक भारी चट्टानें और मलबा गिरने से एक टाटा सूमो टैक्सी (HP-01M-2210) उसकी चपेट में आ गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक सहित करीब 14 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था, इसलिए सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद टैक्सी पांगी के लिए रवाना हुई, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा गिरने लगा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद सीमा सड़क संगठन (BRO) के कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया गया और एक घायल को अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही लाहुल पुलिस, तिंदी थाना पुलिस, जिला प्रशासन, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पांगी के कार्यकारी आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम अमनदीप सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, राहत दल युद्धस्तर पर मलबा हटाने में जुटे हैं। लगातार खराब मौसम और पहाड़ी से गिरते पत्थरों के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
Himachal Accident: वहीं आशंका है कि मलबे में अन्य लोग भी फंसे हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हादसे से जुड़ी किसी भी अपुष्ट सूचना या सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर भरोसा न करें। केवल प्रशासन और अधिकृत एजेंसियों द्वारा जारी जानकारी को ही सही माना जाए।




