राज्य मुख्य सूचना आयुक्त के लिए 26 मार्च को होगा साक्षात्कार, मुख्य सचिव अमिताभ जैन सहित 33 आवेदक होंगे शामिल…

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर नियक्ति किया जाना है। इसके लिए 26 मार्च को साक्षात्कार बुलाया गया है। इस बार राज्य मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए 114 आवेदनकर्ताओं ने आवेदन प्रस्तुत किया है। इन आवेदनों की प्रारंभिक स्क्रूटनी के बाद 33 लोगों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया है। अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।
गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ की अध्यक्षता में हुई बैठक में निहारिका बारिक, सोनमणि बोरा और अविनाश चम्पावत उपस्थित हुए। समिति द्वारा आवेदनों की संख्या अधिक होने के कारण विधि विज्ञान और प्रोद्योगिकी, समाजसेवा, प्रबंध, पत्रकारिता, जनसंपर्क या प्रशासन और शासन में 30 वर्ष या उससे अधिक अनुभव वाले 65 वर्ष से कम आयु के आवेदनकर्ताओं को ही 26 मार्च को नवा रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया है।
समिति ने मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पूर्व डीजीपी अशोक जुनेजा, धनवेन्द्र जयसवाल, दुर्गेश माधव अवस्थी, घनाराम साहू, रूद्र अवस्थी, संजय पिल्ले, संजय कुमार अलंग सहित अन्य सेवानिवृत्त अधिकारियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया है।




