National Anthem In Schools: अब स्कूलों में अनिवार्य होगा राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राज्यगीत, शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश
रायपुर। National Anthem In Schools: छत्तीसगढ़ में नए शिक्षा सत्र 2026-27 से स्कूलों की प्रार्थना सभा और दैनिक गतिविधियों में बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य के शिक्षा विभाग ने सरकारी और निजी सभी स्कूलों के लिए नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राज्यगीत का नियमित सामूहिक वाचन अनिवार्य किया जाएगा।
जारी निर्देशों के अनुसार, स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा को अधिक व्यवस्थित और सांस्कृतिक स्वरूप दिया जाएगा। प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना और गुरु मंत्र का सामूहिक पाठ कराया जाएगा। वहीं मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) से पहले विद्यार्थियों को भोजन मंत्र का वाचन भी कराया जाएगा।
इसके अलावा स्कूल की छुट्टी के समय राज्यगीत के साथ गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का सामूहिक पाठ करने का भी प्रावधान किया गया है। शिक्षा विभाग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सांस्कृतिक चेतना और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना है। विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देश दिए हैं कि वे स्कूलों में इन व्यवस्थाओं के पालन की नियमित निगरानी करें। स्कूलों से समय-समय पर अनुपालन रिपोर्ट भी मांगी जा सकती है।
National Anthem In Schools: निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नियमों की अनदेखी या पालन नहीं करने की स्थिति में संबंधित स्कूल प्रबंधन और प्राचार्यों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। नए शिक्षा सत्र के साथ यह व्यवस्था प्रदेशभर के सभी शासकीय और निजी स्कूलों में लागू होने की तैयारी है।




