ED RAID : राजनांदगांव में ED की बड़ी कार्रवाई, तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

प्रविंस मनहर/रायपुर – राजनांदगांव में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक ED की अलग-अलग टीमों ने शहर से लगे तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। कार्रवाई में नाहटा ग्रुप से जुड़े कुछ प्रतिष्ठान भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि भोपाल और रायपुर से ED की अलग-अलग टीमें राजनांदगांव पहुंची हैं। सुबह करीब 6 बजे से तीनों ठिकानों पर जांच की कार्रवाई शुरू हुई। टीमों ने भंसाली किराए भंडार और सत्यम विहार स्थित नाहटा के प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की है।
ED की टीमों द्वारा दस्तावेजों के साथ-साथ वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान संबंधित परिसरों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। फिलहाल ED की कार्रवाई तीनों ठिकानों पर जारी है। हालांकि, छापेमारी किस मामले या किस जांच के सिलसिले में की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।




