अस्पताल में चीटियों के काटने से नवजात की मौत, परिजनों ने जमकर किया हंगामा

महोबा। जिला महिला अस्पताल में भर्ती तीन दिन के नवजात की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल के बेड में चीटियां होने और नवजात को काटने से मौत का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल में तैनात डॉक्टर पर 6500 रुपए रिश्वत लेने का भी गंभीर आरोप लगाया है। एसडीएम ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।
जानकारी के अनुसार कुलपहाड़ के मुढ़ारी गांव निवासी सुरेंद्र रैकवार की पत्नी सीमा को प्रसव पीड़ा होने पर 30 मई को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। उसी दिन सीमा ने बेटे को जन्म दिया था। हालत ठीक न होने पर नवजात को चाइल्ड केयर वार्ड में भर्ती कराया गया था। बुधवार की रात नवजात की मौत हो गई। नवजात की बुआ राजकुमारी का आरोप है कि जिस बेड पर नवजात को लिटाया गया, वहां काफी चीटियां थीं। चीटियों के काटने से उसकी हालत बिगड़ गई। परिवार के लोग बताते हैं कि पूर्व में भी बच्चे के बिस्तर में चींटियां होने की शिकायत ड्यूटी में तैनात डॉक्टर और स्टाफ नर्स को दी गई थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. डीके सुल्लेरे का कहना है कि जांच कराई जाएगी। दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी। बिस्तर पर चीटी होने की बात गलत है। नवजात की हालत गंभीर थी।




