
नई दिल्ली: देश की संसद की सुरक्षा में शुक्रवार (22 अगस्त 2025) सुबह एक बार फिर सेंध लगाने की कोशिश की गई। एक 20 वर्षीय युवक ने संसद भवन परिसर की दीवार फांदकर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और दिल्ली पुलिस की सतर्कता के कारण उसे तुरंत पकड़ लिया गया।
यह घटना सुबह करीब 5:50 बजे हुई, जब संसद का मानसून सत्र हाल ही में समाप्त हुआ था। पुलिस उपायुक्त (नई दिल्ली) देवेश महला ने बताया कि युवक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी रामा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में वह मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है।

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, रामा ने रेल भवन की ओर से दीवार के पास लगे एक पेड़ का सहारा लेकर संसद के गरुड़ द्वार तक पहुंचने की कोशिश की थी। उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया और आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया। अब खुफिया ब्यूरो (IB) और दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके इरादों और इस कोशिश के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।
पुरानी घटना से जुड़ाव

यह घटना संसद की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, खासकर तब जब 13 दिसंबर 2023 को एक बड़ी सुरक्षा चूक हुई थी। उस दौरान दो युवक, सागर शर्मा और मनोरंजन डी, लोकसभा की दर्शक दीर्घा से कूदकर सदन के अंदर घुस गए थे और रंगीन धुआं छोड़कर नारेबाजी की थी। उसी समय, बाहर दो अन्य लोग, अमोल धनराज शिंदे और नीलम आजाद, भी इसी तरह का प्रदर्शन कर रहे थे।

2001 में संसद पर हुए आतंकी हमले की बरसी पर हुई इस 2023 की घटना में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट ने नीलम आजाद और महेश कुमावत को जमानत दी है।




