Raipur News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर बढ़ी सियासी घमासान, इस कांग्रेस नेता को कारण बताओ नोटिस जारी

रायपुर। Raipur News: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। दिल्ली दौरे से वरिष्ठ नेताओं के लौटने के बाद संगठन के भीतर बयानबाजी और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद सामने आया है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण मालाकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
अरुण मालाकार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर एक पोस्ट साझा की, जिसमें उमेश पटेल के नेतृत्व का समर्थन किया गया। संगठन का कहना है कि इस पोस्ट से पार्टी की छवि प्रभावित हुई है और अनुशासनहीनता की स्थिति उत्पन्न हुई है।
पीसीसी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह की टिप्पणी और पोस्ट संगठनात्मक अनुशासन के विपरीत है। पार्टी ने अरुण मालाकार से तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो उनके खिलाफ संगठनात्मक अनुशासन के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Raipur News: बताया गया है कि यह नोटिस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर जारी किया गया है। फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रही चर्चाओं के बीच इस कार्रवाई ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। अब सभी की नजर अरुण मालाकार के जवाब और पार्टी की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।





