Post Office Rakhi Gift Box: रक्षाबंधन पर डाक विभाग का खास तोहफा, मिलेगा राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स, राखी भेजने पर10% छूट भी
रायपुर। Post Office Rakhi Gift Box: रक्षाबंधन के त्योहार को यादगार बनाने और दूर रहने वाले भाई-बहनों तक राखी के साथ भावनाओं का तोहफा पहुंचाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स पेश किया है। छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल प्रणव कुमार ने विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में इस विशेष पैक की शुरुआत की।
एक बॉक्स में राखी के साथ कई खास चीजें
डाक विभाग की ओर से लॉन्च किए गए इस स्पेशल गिफ्ट बॉक्स की कीमत 520 रुपये रखी गई है। इसमें राखी के अलावा अक्षत-कुमकुम, बैज, फ्रिज मैग्नेट, की-रिंग और तीन पिक्चर पोस्टकार्ड शामिल हैं। इस पैक को इस तरह तैयार किया गया है कि भाई-बहन राखी के साथ छोटे-छोटे यादगार उपहार भी एक ही पैकेट में भेज सकें। विभाग का मानना है कि पिक्चर पोस्टकार्ड खास तौर पर युवा और Gen Z के बीच आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं।
विशेष काउंटर से बिक्री शुरू
राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स की बिक्री मंगलवार से विशेष काउंटरों के जरिए शुरू कर दी गई है। डाक विभाग इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए स्कूलों, गर्ल्स कॉलेज, इंजीनियरिंग संस्थानों और रिहायशी कॉलोनियों में प्रचार-प्रसार करने की योजना बना रहा है।
राखी भेजने पर 10% की छूट
राखी भेजने वालों के लिए डाक विभाग ने एक और सुविधा दी है। 10 रुपये का व्हाइट प्रूफ एनवलप उपलब्ध कराया जाएगा और राखी की बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को 10 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी।
राखी की समय पर डिलीवरी पर विशेष जोर
मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल प्रणव कुमार ने अधिकारियों को राखियों की समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उनका लक्ष्य है कि रक्षाबंधन के दिन डिलीवरी के लिए आई कोई भी राखी लंबित न रहे। RMS कार्यालय पहुंचने वाली राखियों को तुरंत संबंधित डाकघरों के लिए भेजने और इसके बाद पोस्टमैन के माध्यम से निर्धारित पते पर समय पर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
जल्द शुरू होगा 24 घंटे का सेल्फ-सर्विस कियोस्क
रायपुर में डाक विभाग जल्द ही 24 घंटे संचालित होने वाला सेल्फ-सर्विस पार्सल बुकिंग कियोस्क शुरू करने की तैयारी में है। इसके जरिए ग्राहक खुद पार्सल बुक कर सकेंगे। कियोस्क पर पूरी प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसे हेडक्वार्टर के बाहर स्थापित करने की योजना है।
आधार अपडेट के लिए रविवार को खुलेगा कार्यालय
Post Office Rakhi Gift Box: डाक विभाग अब बच्चों के आधार अपडेट पर भी विशेष ध्यान देने जा रहा है। 5 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों के आधार अपडेट के लिए अभिभावकों की सुविधा को देखते हुए रविवार को हेडक्वार्टर खोलकर विशेष सेवा देने की योजना है। इसके अलावा भविष्य में हर सप्ताह एक स्कूल में आधार कैंप लगाने की तैयारी है। पैरामिलिट्री कैंपों में भी आधार अपडेट के लिए शिविर लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधार संबंधी काम के लिए शहर न आना पड़े, इसके लिए पंचायतों के सहयोग से गांवों में ही आधार एनरोलमेंट और अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है। रक्षाबंधन के मौके पर राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स के साथ डाक विभाग की इन पहलों का उद्देश्य त्योहार के दौरान बेहतर डिलीवरी सुविधा देने के साथ-साथ आम लोगों को आधुनिक डाक सेवाओं से जोड़ना है।




