International Yog Day 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज, देशभर में योग से हुआ उगते सूर्य का स्वागत
रायपुर। International Yog Day 2026: आज देशभर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। भारत समेत दुनिया के अनेक देशों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जहां लाखों लोग उगते सूर्य के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दे रहे हैं। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” रखी गई है, जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड मैदान में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया और देशवासियों को संबोधित करते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बताया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र, योग प्रशिक्षक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
केंद्रीय आयुष मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष भारत सहित दुनिया भर में करीब 2,500 स्थानों पर योग दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देश-विदेश में भारतीय दूतावासों और विभिन्न संस्थाओं द्वारा भी विशेष योग सत्र, जागरूकता अभियान और सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
छत्तीसगढ़ सहित सभी राज्यों में भी योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। राजधानी रायपुर, नवा रायपुर, जिला मुख्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में बड़ी संख्या में लोगों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। योग दिवस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सामाजिक संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
International Yog Day 2026: संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। भारत की पहल पर शुरू हुआ यह आयोजन आज वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है और दुनिया भर में करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं।




