नवोदय विद्यालय में नौवीं प्रवेश का मौका 21 अक्तूबर तक
एनवीएस ने लेटरल एंट्री परीक्षा 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई, पूरी प्रक्रिया निशुल्क

पटना : नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) ने कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए आयोजित जेएनवी लेटरल एंट्री सिलेक्शन टेस्ट 2026 के आवेदन की अंतिम तिथि 21 अक्तूबर तक बढ़ा दी है। इच्छुक छात्र आधिकारिक वेबसाइट navodaya.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रखी गई है।
एनवीएस की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कक्षा 9 में प्रवेश चाहने वाले छात्रों का जन्म एक मई, 2011 से 31 जुलाई, 2013 के बीच होना चाहिए। साथ ही उम्मीदवार वर्तमान सत्र (2025-26) में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा 8 में अध्ययनरत होना जरूरी है। जिन्होंने आठवीं कक्षा पहले ही पास कर ली है, वे इस परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे।
वहीं, कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले छात्रों का जन्म एक जून, 2009 से 31 जुलाई, 2011 के बीच होना अनिवार्य है और उन्हें वर्तमान समय में कक्षा 10 में अध्ययनरत होना चाहिए। पहले से दसवीं पास कर चुके छात्र इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे।
परीक्षा देशभर के निर्धारित केंद्रों पर 7 फरवरी, 2026 को आयोजित की जाएगी। इसमें छात्रों को कुल 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। परीक्षा का उद्देश्य प्रतिभाशाली और योग्य छात्रों को नवोदय विद्यालयों में अवसर देना है, जहां शिक्षा, आवास और भोजन निशुल्क प्रदान किया जाता है।




