6 Murders In Telangana: जेल से रिहा होते ही आरोपी ने मचाया मौत का तांडव, पत्नी-बच्चों समेत 6 लोगों की हत्या कर खून से रंगे हाथ, इलाके में दहशत
तेलंगाना। 6 Murders In Telangana: तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। POCSO मामले में आरोपी एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी, दो मासूम बेटों और उस किशोरी के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या करने का आरोप है, जिसने उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। घटना के बाद आरोपी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।
दो जगहों पर वारदात, 6 लोगों की गई जान
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय आरोपी राजकुमार ने शुक्रवार देर रात सबसे पहले अपने घर में पत्नी पार्वती सरिता और चार साल व 18 महीने के दो बेटों पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह करीब छह किलोमीटर दूर देवलगुडा गांव पहुंचा, जहां उसने कथित रूप से 17 वर्षीय किशोरी, उसकी मां और दादी की भी जान ले ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी पीड़ितों पर पहले चाकू से हमला किया गया और बाद में गला रेतकर हत्या की गई। घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध चाकू भी बरामद किया है।
पिता को फोन कर कबूला जुर्म
जांच अधिकारियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद पिता ने शाबाद थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फ्यूचर सिटी के पुलिस आयुक्त तरुण जोशी ने बताया कि शुरुआती जांच से स्पष्ट हुआ है कि आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर इन हत्याओं को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया।
POCSO केस से जुड़ा हो सकता है हत्याकांड
पुलिस का मानना है कि यह सामूहिक हत्याकांड बदले की भावना से किया गया हो सकता है। दरअसल, मई महीने में 17 वर्षीय किशोरी ने आरोपी के खिलाफ पीछा करने और यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। इसी शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ POCSO एक्ट की धाराओं 11 और 12 के तहत केस दर्ज हुआ था। बाद में वह व्यक्तिगत मुचलके पर जमानत पर बाहर आ गया था।
Raipur News: रायपुर में ट्रैफिक जाम से राहत की नई पहल, जाम में फंसे तो करें कॉल, मिलेगी तत्काल मदद
आरोपी की तलाश जारी
6 Murders In Telangana: पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




