राजधानी में किया गया भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन, धर्म, संस्कृति और समाज की एकता पर दिया jor
रायपुर। Raipur News: राजधानी रायपुर के वार्ड क्रमांक 7 दलदल सिवनी में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की आरती के साथ की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महंत राजीव लोचन दास, महिला बाल आयोग अध्यक्ष वर्णिका शर्मा तथा आरएसएस के क्षेत्रीय सरसंघचालक पूर्णेन्दु सक्सैना उपस्थित रहे।
बता दें कि, सम्मेलन में धर्म, संस्कृति और समाज की एकता पर विशेष जोर दिया गया। अपने उद्बोधन में महंत राजीव लोचन दास ने प्रदेश में बढ़ते धर्मांतरण पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता और संगठन के माध्यम से ही हिंदू समाज को मजबूत किया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने हिंदुओं में आपसी एकता बढ़ाने और अपनी धार्मिक परंपराओं की रक्षा करने का आह्वान किया।
वहीं महिला बाल आयोग अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने हिंदुत्व, देवी-देवताओं और आस्था के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही धार्मिक और सांस्कृतिक परिवेश से जोड़ना जरूरी है, ताकि हमारी परंपराएं और संस्कार मजबूत बने रहें।
Raipur News: कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने समाज को एकजुट करने और धर्म-संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया। यह सम्मेलन हिंदू समाज में जागरूकता, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




