Ambikapur News: निजी स्कूल की शर्मनाक करतूत, छात्र से कॉपी में लिखवाई 100 बार अश्लील गालियां, शिक्षिका की सजा पर मचा बवाल
अंबिकापुर। Ambikapur News: सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित एक निजी स्कूल से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षिका द्वारा छात्र को सजा के तौर पर कॉपी में अश्लील गालियां लिखवाने का मामला उजागर हुआ है। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों, छात्र संगठनों और शिक्षा विभाग में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, मामला बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल का है। बताया जा रहा है कि स्कूल में दो छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद संबंधित शिक्षिका ने दंड के रूप में एक छात्र को कॉपी के कई पन्नों पर अश्लील गालियां लिखने के लिए कहा। आरोप है कि छात्र से मां से संबंधित गालियां 100 बार लिखवाई गईं, जिससे अभिभावक हैरान और आक्रोशित हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्र के अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अनुशासन के नाम पर इस तरह की सजा न केवल अनुचित है, बल्कि बच्चों के मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
इधर, विभिन्न छात्र संगठनों ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले ने शहर में शिक्षा व्यवस्था और निजी स्कूलों में अपनाई जाने वाली अनुशासनात्मक प्रक्रियाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरे मामले पर सरगुजा की जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
Ambikapur News: वहीं, शिक्षा विभाग के उप संचालक को मामले की जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल, शिक्षा विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।




