Ankita Sharma Harsh Firing: साड़ी में हर्ष फायरिंग कर विवादों में घिरी ‘लेडी सिंघम’ SP अंकिता शर्मा, IG ने मांगा स्पष्टीकरण
राजनांदगांव। Ankita Sharma Harsh Firing: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की हर्ष फायरिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। साड़ी पहनकर AK-47 से फायरिंग करने का वीडियो सामने आने के बाद इस मामले पर चर्चा तेज हो गई। हथियार चलाने की तकनीक और पुलिस के शस्त्र नियमों के पालन को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद अब पुलिस विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लिया है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने एसपी अंकिता शर्मा से पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। आईजी के मुताबिक, एसपी की फायरिंग को लेकर मीडिया में उठे सवालों और पुलिस की गरिमा से जुड़े मुद्दों पर जवाब तलब किया गया है।
पुलिस लाइन में हुआ था पारंपरिक शस्त्र पूजन
विजयादशमी के अवसर पर राजनांदगांव स्थित पुलिस लाइन के रक्षित केंद्र में परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में हथियारों की पूजा कर बुराई पर विजय और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की गई।
इसी कार्यक्रम के दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने AK-47 से हर्ष फायरिंग की। इसके बाद उनका यह अंदाज चर्चा में आ गया। कुछ विशेषज्ञों ने हथियार चलाने की तकनीक पर सवाल उठाए, वहीं पुलिस के शस्त्र नियमों और विभागीय मर्यादा को लेकर भी टिप्पणियां सामने आईं।
पुलिस मुख्यालय ने लिया संज्ञान, IG ने मांगा जवाब
राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आने के साथ ही पुलिस मुख्यालय तक पहुंचा है। पुलिस मुख्यालय ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसपी से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए हैं।
आईजी के अनुसार, विजयादशमी पर पुलिस विभाग में शस्त्र पूजन की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है और अलग-अलग जिलों में इस आयोजन का निर्वहन किया जाता है। हालांकि, राजनांदगांव में एसपी की हर्ष फायरिंग को लेकर जिस तरह के सवाल उठे हैं, उन पर स्थिति स्पष्ट करने के लिए जवाब मांगा गया है।
स्पष्टीकरण के बाद पुलिस मुख्यालय को भेजी जाएगी रिपोर्ट
Ankita Sharma Harsh Firing: आईजी अजय यादव ने कहा कि एसपी का जवाब मिलने के बाद उस पर उनकी टिप्पणी के साथ पूरा प्रकरण पुलिस मुख्यालय को भेजा जाएगा। इसके बाद मुख्यालय से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। आगे की कार्रवाई एसपी के जवाब और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर निर्भर करेगी।




