CG NEWS : शिक्षक ने स्कूल में बच्चों से बिनवाया धान, शिक्षा समिति ने बनाया पंचनामा

जांजगीर-चांपा : प्राथमिक स्कूल सिलादेही में बच्चों से निजी काम कराने का मामला सामने आया है। स्कूल के सहायक शिक्षक गोपी कुमार तिवारी ने अपने घर से लाया गया 3.5 किलोग्राम धान स्कूल में लाकर बच्चों से खराब धान (करगा) बिनवाया। इस दौरान चौथी और पांचवीं कक्षा के छात्र पढ़ाई छोड़कर धान साफ करते नजर आए।
घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पालकों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया। जांच में पुष्टि हुई कि शिक्षक खुद भी धान बीनने में लगा था और उसने बच्चों को भी इस कार्य में लगाया।
स्कूल में तीन शिक्षक पदस्थ हैं, जिनमें से एक अर्जित अवकाश पर था और दो उपस्थित थे। बच्चों ने बताया कि वे पिछले आधे घंटे से शिक्षक के कहने पर धान से करगा बीन रहे थे।
पंचनामा बनाते समय मौके पर मौजूद लोगों में प्रधानपाठक प्रीतम प्रसाद खुरे, शिक्षक लक्ष्मीप्रसाद देवांगन, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष तिवारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आलेख दुबे सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।
शिक्षा समिति ने मामले की शिकायत कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से करने की बात कही है। मामले को लेकर क्षेत्र में शिक्षकों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।




