SEAT 2026 का फर्जी निर्देश पत्र वायरल, अभ्यर्थियों में फैला भ्रम, CG VYAPAM ने दर्ज कराई शिकायत
रायपुर। CG Vyapam Scam: रायपुर में CG Vyapam की सहायक शिक्षक और व्याख्याता भर्ती परीक्षा 2026 (SEAT-26) से जुड़ा एक फर्जी निर्देश पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अज्ञात व्यक्ति ने लोक शिक्षण संचालनालय के नाम से फर्जी पत्र जारी किया, जिसमें परीक्षा संबंधी भ्रामक निर्देश थे। इससे अभ्यर्थियों में भ्रम फैल गया।
वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए CG Vyapam के कंट्रोलर हिमांशु अग्रवाल ने नया रायपुर के थाना राखी में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CG Vyapam Scam: बता दें कि, वायरल किया गया फर्जी निर्देश पत्र लोक शिक्षण संचालनालय से संबंधित सहायक शिक्षक ई एंड टी संवर्ग शिक्षण एवं व्याख्याता भर्ती परीक्षा 2026 के नाम पर तैयार किया गया था। इस पत्र में परीक्षा की तिथियों, आवेदन प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों का उल्लेख किया गया था, जो पूरी तरह असत्य और भ्रामक थे।





