CG Liquor Scam: शराब घोटाले में बड़ा खुलासा… कांग्रेस भवन तक पहुंचाए गए 860–880 करोड़ रुपये? ED ने किया दावा
हिमांशु पटेल/ रायपुर। CG Liquor Scam: छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में ईडी ने बड़ा खुलासा किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, शराब सिंडिकेट के जरिए कांग्रेस के राजीव भवन तक 860 से 880 करोड़ रुपये पहुंचाए गए थे। इस मामले में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं।ईडी ने रायपुर की विशेष अदालत में अग्रवाल के खिलाफ पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की है। साथ ही, रायपुर स्थित उनकी दो अचल संपत्तियां कुर्क करने का आदेश जारी किया गया है, जिनकी कुल कीमत 9 करोड़ 6 लाख रुपये बताई गई है।
जांच एजेंसी का दावा है कि 2019 से 2023 के बीच छत्तीसगढ़ में शराब सिंडिकेट ने आबकारी विभाग और सीएसएमसीएल को नियंत्रित कर 2 हजार 883 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई की। इस कथित घोटाले में देशी शराब पर अवैध कमीशन, नकली होलोग्राम के जरिए शराब की बिक्री और डिस्टिलर्स से कमीशन वसूलने जैसे आरोप शामिल हैं।
CG Liquor Scam: वहीं, रामगोपाल अग्रवाल को कस्टम मिलिंग घोटाले में भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि राइस मिलर्स से प्रोत्साहन राशि जारी करने के बदले 147 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की गई। फिलहाल, मामले में जांच जारी है और आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में होना है।




