Uttarakhand Road Accident: दिवाली से पहले बड़ा हादसा… नदी में समाई इनोवा कार, 4 लोगों की मौत, मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF की टीम
अनियंत्रित होकर नदी में गिरी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा गंगनानी धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ। बताया जा रहा है कि इनोवा कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे नदी में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने ANI से बातचीत में घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस को गंगनानी के पास एक वाहन के नदी में गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल राहत और बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
कार में सवार थे सात लोग
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के वक्त इनोवा में कुल सात लोग मौजूद थे। इनमें छह यात्री गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि वाहन चालक उत्तराखंड का निवासी था। रेस्क्यू टीमों ने अब तक चार लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। एक घायल व्यक्ति को नदी से निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई है। वहीं, लापता दो लोगों की तलाश के लिए नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर तैनात
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचावकर्मी नदी में संभावित स्थानों पर लापता लोगों को तलाश रहे हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं
Uttarakhand Road Accident: फिलहाल कार के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद हादसे को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।




