रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज 3 नवंबर को छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। इस दौरान वे राजधानी में आयोजित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। अपने दौरे के दौरान अमित शाह पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल और नया रायपुर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क यानी पीपल वन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
दोपहर 3:05 बजे रायपुर पहुंचेंगे अमित शाह
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 12:55 बजे दिल्ली स्थित अपने आवास से रवाना होंगे। दोपहर 1:20 बजे रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे और दोपहर 3:05 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचेंगे। यहां से वे सड़क मार्ग से पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:30 बजे अस्पताल पहुंचकर शाम 5 बजे तक लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पीपल वन का करेंगे लोकार्पण
अस्पताल कार्यक्रम के बाद अमित शाह शाम 5:05 बजे नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन के लिए रवाना होंगे। शाम 5:30 बजे यहां पहुंचने के बाद 5:35 से 5:45 बजे तक विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद शाम 5:50 बजे राज्योत्सव मैदान के लिए रवाना होंगे।
राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल
केंद्रीय गृह मंत्री शाम 5:55 बजे नया रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। यहां शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी करेंगे। इससे प्रदेश की लाखों महिला हितग्राहियों को योजना की अगली किस्त का लाभ मिलेगा।
रात 8:20 बजे दिल्ली के लिए होंगे रवाना
राज्योत्सव के समापन कार्यक्रम के बाद अमित शाह रात 8 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। रात 8:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने और रात 8:20 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम निर्धारित है।केंद्रीय गृह मंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन और आयोजन से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।




