Gangrel Dam: बारिश के बाद जलाशयों में तेजी से बढ़ा जलस्तर, गंगरेल बांध के 10 गेट खोले, महानदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका
धमतरी। Gangrel Dam: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जलाशयों में पानी की आवक तेजी से बढ़ गई है। जिले के प्रमुख जलाशयों में जलस्तर लगातार ऊपर जा रहा है। गंगरेल जलाशय 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली 100 प्रतिशत, दुधावा 97.21 प्रतिशत और सोदूर जलाशय 88.18 प्रतिशत तक भर चुका है।
जलाशयों में लगातार बढ़ रही आवक को देखते हुए प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर जल निकासी शुरू कर दी है। कई जलाशयों के गेट खोलकर बड़ी मात्रा में पानी नदियों में छोड़ा जा रहा है। इससे महानदी समेत आसपास की नदियों का जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
गंगरेल के 10 गेट से 54,950 क्यूसेक पानी की निकासी
गंगरेल जलाशय से फिलहाल 10 गेट खोलकर 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें से 6,000 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज के जरिए नहर में, जबकि 48,950 क्यूसेक पानी महानदी में प्रवाहित किया जा रहा है। जलाशय में पानी की आवक और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि आवक में और बढ़ोतरी होती है तो जलाशय से पानी की निकासी की मात्रा भी बढ़ाई जा सकती है।
मुरुमसिल्ली जलाशय 100 प्रतिशत भरा
मुरुमसिल्ली जलाशय पूरी तरह भर चुका है। यहां फिलहाल 7,465 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 7,286 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। जलाशय में लगातार पानी पहुंचने के कारण निकासी व्यवस्था को सक्रिय रखा गया है, ताकि जलस्तर नियंत्रित रखा जा सके।
दुधावा से 16,606 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा
दुधावा जलाशय में भी पानी की आवक काफी तेज है। यहां 18,724 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की जा रही है। इसके मुकाबले जलाशय से 16,606 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों की नजर जलाशय में लगातार हो रही आवक पर बनी हुई है। बारिश और आवक की स्थिति के अनुसार आगे पानी की निकासी में बदलाव किया जा सकता है।
सोदूर के 5 गेट खोले गए
सोदूर जलाशय में भी जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। यहां 16,624 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। सुरक्षा के मद्देनजर जलाशय के 5 गेटों से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक यदि जलाशयों में पानी की आवक इसी तरह बढ़ती रही तो निकासी की मात्रा भी बढ़ाई जा सकती है।
Rahul Gandhi On EC: राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर हमला, ‘सरकारी गवाह बन जाए ज्ञानेश कुमार’
महानदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका
धमतरी जिले के कई जलाशयों से एक साथ बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण महानदी और उससे जुड़े जलप्रवाह क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी और जलाशयों के आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। जलाशयों से पानी छोड़े जाने के बाद जिला प्रशासन ने तटीय और नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे जाने और जलप्रवाह वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।
Gangrel Dam: प्रशासन की ओर से जलाशयों की स्थिति, पानी की आवक और निकासी पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।



