Ganja Smuggling: 13 किलो गांजे के साथ महिला समेत चार गिरफ्तार, खपाने के लिए कर रहे थे बस का इंतजार, लाखों में आंकी गई कीमत
बिलासपुर/मस्तूरी। Ganja Smuggling: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 13 किलो गांजे के साथ एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसकी कुल कीमत 6 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी गांजे को खपाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे।
जयरामनगर रेलवे फाटक के पास हुई कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को मस्तूरी क्षेत्र में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मस्तूरी के जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे पुलिस और एसीसीयू की टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध स्थिति में बस का इंतजार कर रहे चार लोगों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 6 लाख 50 हजार रुपए का13 किलो गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा के बलांगीर से लाया गया था गांजा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद मादक पदार्थ ओडिशा के बलांगीर से लाया गया था। आरोपी गांजे को मस्तूरी क्षेत्र में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश सिसोदिया, पूर्वा मालिया, कृष्ण पाण्डेय और नीरज नायक के रूप में बताई गई है। मामले में पुलिस तस्करी के नेटवर्क और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मस्तूरी क्षेत्र में लगातार कार्रवाई
Ganja Smuggling: मस्तूरी क्षेत्र में पुलिस द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले भी सीपत थाना क्षेत्र में बड़ी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा गया था। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा किसे सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।



