Independence Day 2026: देश मना रहा 80वां स्वतंत्रता दिवस, रायपुर में CM साय फहराएंगे तिरंगा
रायपुर। Independence Day 2026: देश आज 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। वर्ष 1947 में मिली आजादी के 79 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में तिरंगा फहराया जा रहा है और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश को संबोधित कर रहे हैं। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में 150 वर्ष पूरे कर रहे राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को भी विशेष महत्व दिया गया है।
वहीं छत्तीसगढ़ में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों के नाम संदेश देंगे। प्रदेश के अलग-अलग जिला मुख्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।
Independence Day 2026: इस मौके पर देशभर में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर जोर दिया। स्वतंत्रता दिवस सिर्फ तिरंगा फहराने का दिन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और विकास के संकल्प को दोहराने का अवसर भी है। आज पूरा देश आजादी के वीरों को नमन करते हुए नए भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प ले रहा है।




