नक्सलियों के मंसूबे नाकाम, सुरक्षाबलों ने IED किया नष्ट, सर्चिंग और डिमाइनिंग के लिए निकली थी टीम
बीजापुर। Bijapur News: बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों की सतर्कता से माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई। 12 फरवरी 2026 को थाना आवापल्ली क्षेत्र में डिमाइनिंग ड्यूटी पर निकली संयुक्त टीम ने सड़क के नीचे प्लांट किया गया लगभग 30 किलोग्राम का आईईडी बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, थाना आवापल्ली, केरिपु 196 एवं 170वीं वाहिनी की संयुक्त टीम आवापल्ली–मुरदण्डा मार्ग पर सर्चिंग और डिमाइनिंग के लिए निकली थी। मुरदण्डा कैंप से करीब 3 किलोमीटर दूर मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे फॉक्सहोल बनाकर लगभग 5 फीट अंदर और सड़क से 2 फीट नीचे आईईडी दबाया गया था।
Bijapur News: माओवादियों ने बड़े वाहनों को निशाना बनाने की नीयत से स्विच सिस्टम के जरिए विस्फोटक लगाया था। बीडी टीम द्वारा डिटेक्ट किए जाने के बाद सुरक्षा कारणों से आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, क्योंकि वह काफी गहराई में प्लांट था। आईईडी नष्टीकरण के कारण सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया था, जिसे भरकर आवागमन बहाल कर दिया गया है। सुरक्षाबलों की सूझबूझ और सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।





