राजधानी में ऑनलाइन सट्टेबाजी का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, 50 लाख कैश समेत 80 लाख का मशरूका किया जब्त
रायपुर। Online Satta: रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। जहां एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन बेटिंग साइट्स के जरिए सट्टा संचालित करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि, रायपुर एसपी डॉ लाल उम्मेद सिंह ने कंट्रोल रूम में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि, आरोपियों के कब्जे से 50 लाख 35 हजार रुपये नकद, लैपटॉप, मोबाइल फोन, कार, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेकबुक और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि, गंज थाना क्षेत्र के सिंधु भवन पार्किंग के पास एक चारपहिया वाहन में बैठकर आरोपी ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। मौके पर पहुंची टीम ने कार में सवार चारों आरोपियों को पकड़ा, जो अलग-अलग ऑनलाइन बेटिंग साइट्स की आईडी कमीशन के आधार पर उपलब्ध कराकर अवैध मुनाफा कमा रहे थे।
Online Satta: जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ है, जिन्हें फिलहाल होल्ड करा दिया गया है। पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की जानकारी भी जुटाई है, जिन पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।




