
रायपुर : छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने नक्सली हमले में शहीद हुए एएसपी आकाश गिरपुंजे के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की और कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद की जा रही है, साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी की ओर से भी हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
शहादत पर गर्व, लेकिन ऐसी घटनाएं चिंता का विषय
सचिन पायलट ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के साथ मुलाकात के दौरान कहा कि, “आकाश गिरपुंजे ने देश और समाज के लिए अपनी जान कुर्बान की है। हम उनकी शहादत पर गर्व करते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं गलत संदेश देती हैं और इन पर अंकुश लगाना बेहद जरूरी है।”
आतंकवाद और नक्सलवाद को हर हाल में मिलेगा जवाब
उन्होंने दो टूक कहा कि नक्सलवाद और आतंकवाद को समाज में कोई जगह नहीं दी जा सकती। ऐसी हिंसा को सामूहिक रूप से जवाब देना होगा, ताकि भारत विरोधी ताकतों को यह स्पष्ट संदेश मिले कि वे अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं हो पाएंगे।
शहीद ने अपने दायित्व का निभाया फर्ज
पायलट ने कहा कि शहीद आकाश गिरपुंजे ने अपनी जान की बाजी लगाकर कर्तव्य के प्रति ईमानदारी और साहस का परिचय दिया है। यह बलिदान समाज को न केवल प्रेरणा देता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हमारे सुरक्षाकर्मी कितनी बड़ी कीमत चुकाते हैं।
भारत के हितों के खिलाफ काम करने वालों को हारना होगा
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग देश और समाज के हित के खिलाफ कार्य करते हैं, उन्हें अंततः पराजित होना ही पड़ेगा। उन्होंने अपील की कि सभी नागरिकों को मिलकर नक्सलवाद जैसी चुनौतियों का मुकाबला करना चाहिए, क्योंकि यह सिर्फ सरकार नहीं, पूरे समाज की जिम्मेदारी है।




