यूनिवर्सिटी के तीन छात्रों की सड़क हादसे में मौत, टैंकर से टकराई बुलेट
खाना लेने निकले थे छात्र, चूहडपुर अंडरपास के पास हादसा; पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिजनों में मातम

ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बीटा-2 थाना क्षेत्र के चूहडपुर अंडरपास के पास गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) के तीन बीटेक छात्र बुलेट बाइक से जा रहे थे। अचानक उनकी बाइक सड़क किनारे पेड़ों को पानी दे रहे एक पानी के टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक मृत छात्रों की पहचान स्वयं सागर (19, गाजियाबाद), कुश उपाध्याय (21, गाजीपुर) और समर्थ पुंडीर (18, बरेली) के रूप में हुई है। तीनों छात्र पास की पूर्वांचल सोसाइटी के पास एक ढाबे से खाना लेने निकले थे। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को खबर दी।
छात्रों को पहले जिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां स्वयं और कुश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। समर्थ को गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके।
घटना के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दी है। हादसे के बाद छात्रों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों छात्रों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। वहीं, हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।




