CG Weather Update: लगातार बारिश के बाद बदला मौसम का मिजाज, चिलचिलाती धूप ने किया परेशान, कुछ जिलों में भारी बारिश के आसार
रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों तक हुई लगातार बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, जिससे अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। इसके साथ ही तेज और चिलचिलाते धूप ने लोगों को परेशान किया। हालांकि दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज भी अच्छी बारिश होने के आसार बने हुए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 31 जुलाई के बाद प्रदेशभर में वर्षा की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी दर्ज की जा रही है, लेकिन दक्षिण बस्तर संभाग और उससे लगे क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। कुछ जिलों के लिए भारी वर्षा को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।
पिछले तीन दिनों के दौरान सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश हुई। कई शहरों और ग्रामीण इलाकों में जलभराव, सड़क बाधित होने और जनजीवन प्रभावित होने जैसी स्थितियां भी देखने को मिलीं। वहीं किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है, जिससे खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
CG Weather Update: मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हालिया बारिश के चलते कई जिलों में वर्षा का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है। इसके बावजूद प्रदेश में अब तक औसत मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से बारिश वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने, नदी-नालों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
Skip to PDF content



