Karachi Blast: कराची हमले के बाद पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, अफगानिस्तान के 3 प्रांतों में की बमबारी, 35 से अधिक लोगों की मौत
कराची। Karachi Blast: कराची में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान ने सैन्य कार्रवाई करते हुए रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अफगानिस्तान के तीन प्रांतों में एयरस्ट्राइक की। पाकिस्तान का दावा है कि यह कार्रवाई प्रतिबंधित आतंकी संगठनों तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और जमात-उल-अहरार के ठिकानों को निशाना बनाकर की गई।
पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, एयरस्ट्राइक सोमवार तड़के करीब 12:30 बजे की गई। सेना का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सीमा पार सक्रिय आतंकी ठिकानों को नष्ट करना और कराची हमले के जिम्मेदार तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करना था।
हालांकि, अफगानिस्तान की ओर से पाकिस्तान के दावों को खारिज किया गया है। अफगान अधिकारियों का आरोप है कि हमले में आतंकियों के बजाय रिहायशी इलाकों और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया गया। स्थानीय प्रशासन और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एयरस्ट्राइक में 35 से अधिक लोगों की मौत हो गई है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में महिलाओं और बच्चों के भी शामिल होने का दावा किया गया है।
एयरस्ट्राइक के बाद प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है। कई घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हमले से प्रभावित क्षेत्रों में भारी दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।
CG Accident News: NH-43 पर फिर दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप से भिड़ी स्कूटी, दो की मौके पर मौत, एक घायल
Karachi Blast: इस घटना के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। दोनों देशों के बीच पहले से ही सीमा सुरक्षा और आतंकवाद को लेकर मतभेद रहे हैं, ऐसे में यह सैन्य कार्रवाई क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




