युवक की गला रेतकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव; दोस्तों पर हत्या का आरोप
मेला बुलाकर घर से निकाला गया युवक, सुबह सड़क किनारे लाश मिली; पत्नी गर्भवती, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

फुलवरिया (गोपालगंज). गोपालगंज जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र में रविवार रात एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई और शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। सोमवार सुबह शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने दोस्तों पर साजिशन हत्या का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस हत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।
हथौजी गांव में रविवार की रात नीतीश यादव उर्फ गामा (25) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक कररिया गांव निवासी ब्रह्मदेव यादव का पुत्र था और पिकअप ड्राइवर का काम करता था। सोमवार सुबह उसका शव सड़क किनारे बरामद हुआ। घटनास्थल से बाइक और सब्जियां बिखरी हुई मिलीं।
दोस्तों पर आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि दोस्तों ने ही नीतीश को मेला चलने के बहाने बुलाया और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की भाभी रामवती देवी ने कहा कि रविवार दोपहर के बाद दोस्तों के फोन लगातार आते रहे। परिवार ने ग्रहण का हवाला देते हुए नीतीश को बाहर जाने से मना किया, लेकिन वह घर से निकला और देर रात तक वापस नहीं लौटा।
ग्रामीणों का आक्रोश और राजनीति
घटना की जानकारी के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। राजद विधायक राजेश सिंह कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे और डीएसपी से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का बयान
फुलवरिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना जैसा लग रहा है, लेकिन हत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है।



