Monsoon Session 2026: नकटी मामले को लेकर कांग्रेस का विधानसभा में हंगामा, सदन के गर्भगृह में पहुंचे 32 विधायक कार्यवाही से निलंबित
रायपुर। Monsoon Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई का मुद्दा सदन में जोरदार तरीके से गूंजा। कांग्रेस ने इस मामले पर स्थगन प्रस्ताव लाकर तत्काल चर्चा कराने की मांग की, लेकिन प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाने पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और हंगामा देखने को मिला।
स्थगन प्रस्ताव पर जवाब देते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि 29 जून को नकटी गांव में की गई कार्रवाई पूरी तरह प्रशासनिक प्रक्रिया और नियमानुसार की गई थी। उन्होंने बताया कि भिलाई निवासी एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद रायपुर तहसीलदार ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की।
मंत्री ने यह भी कहा कि नकटी गांव में इससे पहले कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 148 अतिक्रमणकारियों को हटाया गया था, उस समय भी किसी प्रकार की पुनर्वास या विस्थापन व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान कार्रवाई भी कानून के दायरे में रहकर की गई है।
हालांकि मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन में जोरदार विरोध दर्ज कराया। विपक्ष ने सरकार पर गरीबों के मकान तोड़ने और उनकी बात नहीं सुनने का आरोप लगाया। विरोध के दौरान कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए सदन के गर्भगृह (वेल) में पहुंच गए, जिससे सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित हो गई।
CG Road Accident: पलक झपकते ही तबाह हुआ परिवार, भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत
Monsoon Session 2026: वहीं लगातार हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए सदन की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न करने वाले कांग्रेस विधायकों को शेष कार्यवाही के लिए निलंबित कर दिया। नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक टकराहट देखने को मिली और यह मुद्दा पूरे दिन चर्चा का केंद्र बना रहा।




