रातों-रात उजड़ गया पूरा परिवार… एक साथ तीन लोगों की मौत, गांव में पसरा मातम का माहौल
सूरजपुर। Surjapur News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से इस वक्त एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में मातम पसर गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रपुर गांव का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रपुर गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्य पति-पत्नी और एक तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई है। बताया गया कि, रात में ठंड से बचने के लिए कमरे के अंदर सिगड़ी में कोयला जला कर परिवार सोया था। सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला तो लोगों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए कमरे का दरवाजा खुलवाया। जब कमरे में जाकर देखा तो पूरे परिवार की मौत हो चुकी थी।
Surjapur News: वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं आशंका जताई जा रही है कि, कोयले से निकलने वाली जहरीली गैस पूरे कमरे में फैल गई और दम घुटने से तीनों की मौत हुई होगी। इस घटना से घर के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं गांव में भी मातम का माहौल है।




