EV Charging App: छत्तीसगढ़ में EV चार्जिंग नेटवर्क को मिलेगा विस्तार, एकीकृत ऐप से मिलेगी बड़ी सुविधा
रायपुर। EV Charging App: छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य सरकार जल्द ही एक एकीकृत EV चार्जिंग ऐप लॉन्च करेगी, जिससे वाहन चालकों को अलग-अलग कंपनियों के ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक ही प्लेटफॉर्म पर चार्जिंग स्टेशनों की जानकारी, उपलब्धता और अन्य जरूरी सेवाएं मिल सकेंगी।
सरकार ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में EV चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करें। इसका उद्देश्य शहरों के साथ-साथ प्रमुख राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर भी पर्याप्त चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना में आने वाली प्रशासनिक बाधाओं को कम करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने की प्रक्रिया को भी तेज किया जाएगा। इससे निजी निवेशकों और एजेंसियों को कम समय में अनुमति मिल सकेगी और चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार तेजी से होगा।
EV Charging App: राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री ई-ड्राइव (PM E-Drive) योजना के तहत चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने वाली एजेंसियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना के माध्यम से प्रदेश में आधुनिक चार्जिंग सुविधाओं का विकास करने और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का मानना है कि इन नई पहलों से प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ेगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और आम लोगों को सुविधाजनक, तेज एवं भरोसेमंद चार्जिंग नेटवर्क उपलब्ध हो सकेगा।




