छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार, इन मुद्दों पर दिया बड़ा बयान
रायपुर। Congress Leader Kanhaiya Kumar: कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार आज छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे। जहां वे सरगुजा में महात्मा गांधी के बलिदान दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान उन्होंने अपने दौरे को लेकर कहा कि, आज गांधी जी का बलिदान दिवस है और इस दिन लोग सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं। आज छत्तीसगढ़ के पावन धरा पर आने का मौका मिला है। सरगुजा में गैर राजनीतिक संगठनों द्वारा गांधी जी के लिए रखे कार्यक्रम में शामिल होऊंगा।
गोडसे वादी राजनीति को लेकर कहा
इस दौरान उन्होंने गोडसेवादी राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि, गांधी कहते थे वैष्णव वही है जो दूसरे की पीड़ा में दुखी हो, लेकिन आज लोगों को दूसरों की पीड़ा में खुशी मिलती है। आज की पूरी राजनीति नफरत की राजनीति बन चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, आज जो धर्म और नफरत की राजनीति होती है ऐसे में गांधी को बार बार याद करना चाहिए।
बीजेपी पर साधा निशाना
वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि,मैं भाजपा के लोगों से कहना चाहता हूं कि इस देश का इतिहास आपका भी इतिहास है। यह इतिहास हिंसा और असत्य का नहीं, बल्कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलना चाहिए।
नक्सलवाद पर बयान
31 मार्च तक नक्सलवाद खत्म की डेडलाइनज़ मामले को लेकर कन्हैया कुमार ने कहा कि, हिंसा किसी भी तरह से सही नहीं है,
हिंसा किसी के द्वारा भी की जाए इससे मनुष्यता का नुकसान होता है। सरकार दावे करे ये अच्छी बात है। मैं तो सबसे यही कहूंगा हिंसा किसी के लिए भी अच्छी नहीं है। हिंसा जितनी जल्दी खत्म हो उतना अच्छा,हम बंदूक वादी विचारधारा के विरोध में है।
बांग्लादेशी हिंदुओं को मकान देने के मुद्दे पर तंज
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बांग्लादेशी हिंदुओं को मकान देने के ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, “लोगों को बसने के लिए जगह मिलना खुशी की बात है, लेकिन प्रधानमंत्री ने भी 2022 तक सभी को पक्का मकान देने का वादा किया था। भारत में रह रहे हिंदुओं को अभी तक पक्का मकान नहीं मिला है। आप भी अच्छे दिनों का इंतजार करिए।”




