CG EOW-ACB Action: छत्तीसगढ़ में EOW-ACB की बड़ी कार्रवाई, नगर पालिका अध्यक्ष के ठिकानों समेत 3 जगह छापेमारी, दबिश से इलाके में हलचल
भिलाई-3 में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के ठिकानों पर छापेमारी
दुर्ग-भिलाई के भिलाई-3 में EOW-ACB की टीम ने ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कोल लेवी से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। कार्रवाई के दौरान टीम जितेंद्र सिंह के रिश्तेदार संतोष सिंह से भी पूछताछ कर रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल जांच एजेंसी की टीम दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की पड़ताल में जुटी हुई है।
कटघोरा में एक साथ दो ठिकानों पर EOW की दबिश
वहीं, कोरबा जिले के कटघोरा में भी EOW की टीम ने एक साथ दो ठिकानों पर दबिश दी है। जानकारी के मुताबिक, टीम कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के यहां पहुंची है। इसके अलावा नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर भी जांच एजेंसी ने कार्रवाई की है। इस कार्रवाई को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सामने आए चर्चित DMF घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों ठिकानों पर कार्रवाई के पीछे की पूरी वजह और जांच के दायरे को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दस्तावेजों की जांच और पूछताछ जारी
CG EOW-ACB Action: छत्तीसगढ़ में EOW-ACB की इन अलग-अलग कार्रवाइयों को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चा तेज है। भिलाई-3 में कोल लेवी मामले और कटघोरा में DMF घोटाले से जुड़े संभावित पहलुओं की जांच की बात सामने आ रही है।




