Raipur Ganja Taskari: गांजा तस्करी पर पुलिस का एक्शन, लाखों का गांजा खपाने की थी तैयारी, महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Ganja Taskari: रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में बेचने की फिराक में लगे एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 14 किलो 970 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 48 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास कुछ लोग गांजा बेचने की तैयारी में हैं। सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
Raipur Ganja Taskari: गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी गजेन्द्र पंचाल, नीरज तोमर और शबाना लोधी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाना बताया है। महिला आरोपी शबाना लोधी पहले भी नागपुर में नारकोटिक एक्ट के एक मामले में जेल जा चुकी है। पुलिस ने गंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। गांजे के स्रोत, संभावित खरीदारों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जांच जारी है।



