Meat-Mutton Sale Ban: गणेश चतुर्थी समेत इन 5 दिनों पर मांस-मटन की बिक्री पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, निगम ने जारी किया आदेश
रायपुर। Meat-Mutton Sale Ban: राजधानी रायपुर में धार्मिक पर्वों को देखते हुए नगर निगम ने मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। गणेश चतुर्थी समेत कुल 5 पर्वों के अवसर पर शहर में मांस-मटन की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। नगर निगम के मुताबिक, महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। प्रतिबंधित दिनों में शहर की मांस-मटन दुकानों के साथ-साथ होटलों और अन्य स्थानों पर इसकी बिक्री पर भी रोक रहेगी।
इन 5 दिनों में रहेगा प्रतिबंध
नगर निगम द्वारा जारी आदेश के अनुसार निम्न पर्वों पर मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी—
- 14 सितंबर — गणेश चतुर्थी
- 15 सितंबर — पर्युषण पर्व का अंतिम दिवस
- 22 सितंबर — डोल ग्यारस
- 25 सितंबर — अनंत चतुर्दशी
- 26 सितंबर — संवत्सरी एवं उत्तम क्षमा पर्व
इन सभी दिनों में मांस-मटन की बिक्री और दुकानों का संचालन बंद रखना अनिवार्य होगा।
उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
नगर निगम स्वास्थ्य विभाग ने प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों को दी है। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में दुकानों की निगरानी करेंगे और आदेश का पालन कराएंगे।
Meat-Mutton Sale Ban: वहीं, यदि प्रतिबंधित दिनों में किसी होटल या अन्य प्रतिष्ठान में मांस-मटन की बिक्री होती पाई गई, तो नगर निगम की टीम मांस-मटन जब्त करने के साथ यथोचित कार्रवाई करेगी। नगर निगम ने संबंधित दुकानदारों और व्यवसायियों से प्रतिबंधित तिथियों पर बिक्री पूरी तरह बंद रखने की अपील की है, ताकि धार्मिक पर्वों के दौरान जारी किए गए आदेश का प्रभावी रूप से पालन सुनिश्चित किया जा सके।




