कब्रिस्तान जमीन विवाद में दो समुदायों के बीच गोलीबारी, 22 गिरफ्तार
सफियासराय के फरदा गांव में जमीन घेराबंदी विवाद पर हिंसा, एक युवक घायल, भारी पुलिस बल तैनात

मुंगेर: मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र के फरदा गांव में शनिवार सुबह कब्रिस्तान की जमीन की घेराबंदी को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव और गोलीबारी शुरू हो गई। हिंसा में शिवजी यादव के पुत्र अंकुश कुमार (19 वर्ष) के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल गांव में तैनात किया गया और एसपी सैयद इमरान मसूद, कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों के कुल 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही वीडियो फुटेज व सीसीटीवी के माध्यम से अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुरूआती विवाद कब्रिस्तान से सटे एक भूखंड की घेराबंदी को लेकर था, जिसे साम्प्रदायिक रंग देने का प्रयास किया गया। हालात तनावपूर्ण हैं पर पूरी तरह नियंत्रण में हैं। पुलिस की ओर से विवादित स्थान पर कैंप किया जा रहा है और एसपी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इस घटना के बाद से इलाके में व्यवस्थित सुरक्षा के लिए फोर्स गश्त कर रही है।




