
बिलासपुर : शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र की साव गली में रविवार को नशे में धुत एक युवक ने तेज रफ्तार कार से कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस घटना में गर्भवती महिला और गली में खेल रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
शराब के नशे में कार लेकर निकला चौकीदार
जानकारी के मुताबिक, रामजाने नामक युवक जूना बिलासपुर में नामदेव परिवार के यहां चौकीदारी का काम करता है। रविवार को वह बिना अनुमति के मालकिन शिखा नामदेव की ईयोन कार लेकर निकल पड़ा। शराब के नशे में धुत रामजाने ने साव गली में कार से एक के बाद एक कई खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
READ MORE : महादेव बेटिंग ऐप घोटाला: जयपुर के होटल फेयर माउंट में ईडी की छापेमारी, छत्तीसगढ़ से आई टीम ने शुरू की पूछताछ
हादसे में बाल-बाल बची गर्भवती महिला और बच्चे
हादसे के वक्त एक गर्भवती महिला सड़क किनारे से गुजर रही थी, जो कुछ ही कदम दूर थी, वरना वह कार की चपेट में आ सकती थी। वहीं गली में खेल रहे बच्चे जान बचाकर इधर-उधर भागे और एक बड़ा हादसा टल गया।
सरेआम मालकिन ने की चौकीदार की पिटाई
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इस दौरान मालकिन शिखा नामदेव भी वहां पहुंचीं और बीच सड़क पर चौकीदार की थप्पड़ों से पिटाई कर दी। उन्होंने गुस्से में कहा, “इस हरकत की वजह से पहले मैं जेल जाती।” वहीं कुछ लोगों ने उसकी पिटाई का वीडियो भी बना लिया, जिस पर महिला ने नाराजगी जताई और कहा, “थोड़ी इंसानियत दिखाइए, वीडियो मत बनाइए।”
READ MORE : CG BREAKING : बिना अनुमति पश्चिम बंगाल भेजे गए पुलिसकर्मी, टीआई समेत तीन अधिकारी निलंबित
अभी तक नहीं हुई पुलिस में शिकायत
इस पूरी घटना की CCTV फुटेज सामने आ चुकी है, जिसमें युवक की लापरवाही से गाड़ी चलाने की तस्वीरें साफ दिखाई दे रही हैं। हालांकि, अब तक किसी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआर साहू ने कहा कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इधर, आरोपी चौकीदार रामजाने ने डैमेज हुई गाड़ियों की मरम्मत कराने की बात कही है।




