CG Assembly Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू, पांच दिनों तक गूंजेंगे जनहित के मुद्दे
रायपुर। CG Assembly Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आगामी 13 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। विधानसभा सचिवालय ने सोमवार को सत्र की आधिकारिक अधिसूचना और कार्यसूची जारी कर दी। यह सत्र 17 जुलाई तक चलेगा, जिसमें कुल पांच बैठकें आयोजित की जाएंगी।
नवा रायपुर स्थित विधानसभा सचिवालय से जारी आदेश में विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा ने सत्र की तिथियों और कार्यवाही का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मानसून सत्र कई महत्वपूर्ण मुद्दों और तीखी बहसों का गवाह बन सकता है। मानसून सत्र के दौरान प्रश्नकाल, शासकीय कार्य, वित्तीय विषयों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। सत्र को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं और सत्ता पक्ष व विपक्ष अपनी-अपनी रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सत्र के शुरुआती चार दिनों में प्रश्नोत्तर काल और विभिन्न शासकीय कार्यों पर चर्चा होगी। वहीं सत्र के अंतिम दिन 17 जुलाई को प्रश्नकाल और सरकारी कार्यों के साथ गैर-शासकीय कार्य भी सूचीबद्ध किए गए हैं। मानसून सत्र के दौरान राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण विधायी और नीतिगत प्रस्ताव सदन में प्रस्तुत कर सकती है। हालांकि अब तक सरकार की ओर से प्रस्तावित विधेयकों या विषयों की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने
CG Assembly Monsoon Session:आगामी सत्र को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। विपक्षी दल कांग्रेस राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। वहीं सत्तारूढ़ भाजपा सरकार अपनी उपलब्धियों को सदन के सामने रखने के साथ-साथ महत्वपूर्ण प्रस्तावों को पारित कराने की रणनीति पर काम कर रही है।
पांच दिन विधानसभा में क्या-क्या होगा
- 13 जुलाई (सोमवार): प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्य
- 14 जुलाई (मंगलवार): प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्य
- 15 जुलाई (बुधवार): प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्य
- 16 जुलाई (गुरुवार): प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्य
- 17 जुलाई (शुक्रवार): प्रश्नोत्तर, शासकीय कार्य और अंतिम ढाई घंटे अशासकीय कार्य (निजी संकल्प एवं विधेयक)





