रांची : झारखंड के दुमका जिले में मयूराक्षी नदी पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। चार किशोर नदी में नहाने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। स्थानीय गोताखोरों ने अब तक एक शव बरामद किया है, जबकि बाकी तीन की तलाश तेज कर दी गई है।
यह घटना गुरुवार दोपहर जामा थाना क्षेत्र के बापूपुर तट के पास हुई। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि 16 से 17 साल की उम्र के चार दोस्त नहाने के लिए नदी में उतरे थे। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
करीब साढ़े तीन बजे पुलिस को नदी किनारे कपड़े और मोबाइल फोन मिले। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू हुई और देर शाम बांधपाड़ा गांव निवासी कृष्णा सिंह (17) का शव बरामद कर लिया गया।
जिला प्रशासन ने बाकी किशोरों की खोज के लिए देवघर से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान लगातार जारी है।




