RE-NEET Exam: जेल की सलाखों से एग्जाम सेंटर तक, विचाराधीन कैदी भी दे रहे NEET परीक्षा, पुलिस सुरक्षा में पहुंचे परीक्षा केंद्र

हिमांशु पटेल/रायपुर। RE-NEET Exam: रायपुर की सेंट्रल जेल का एक विचाराधीन बंदी आज देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में शामिल हुआ। जेल की सलाखों के पीछे रहते हुए भी उसने डॉक्टर बनने के अपने सपने को जिंदा रखा है। हाईकोर्ट बिलासपुर के आदेश के बाद बंदी को कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।
रायपुर सेंट्रल जेल में बंद विचाराधीन कैदी कुणाल तरुणकर को NEET परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिली है। हाईकोर्ट बिलासपुर के निर्देश के बाद जेल प्रशासन और पुलिस ने विशेष व्यवस्था की। कुणाल का परीक्षा केंद्र रायपुर के WRS कॉलोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय में बनाया गया था।
परीक्षा के लिए बंदी को सेंट्रल जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्र तक लाया गया। सुरक्षा व्यवस्था में एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI), एक हवलदार और दो आरक्षक शामिल रहे। पुलिस की निगरानी में परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद अन्य अभ्यर्थियों की तरह ही कुणाल ने परीक्षा प्रक्रिया में भाग लिया।
RE-NEET Exam: प्रशासन का कहना है कि न्यायालय के आदेश का पूरी तरह पालन करते हुए परीक्षा में शामिल होने की व्यवस्था की गई। वहीं यह मामला इस बात का उदाहरण भी है कि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान भी शिक्षा और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में भाग लेने के अधिकार को सुनिश्चित किया जा सकता है।




